मरियम नवाज़ को अस्पताल में पिता के साथ रहने की अनुमति

लाहौर, 25 अक्तूबर (भाषा) : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने मरियम नवाज को उनके पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ यहां के एक प्रमुख अस्पताल में रखने के लिए निर्देश जारी किए हैं। मरियम को वापस जेल भेजने पर संघीय सरकार की आलोचना होने के बाद खान ने यह आदेश जारी किया है। मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है। नवाज शरीफ की तबीयत बिगड़ने पर कोट लखपत जेल से उनसे मिलने आई मरियम के खुद भी बीमार पड़ जाने के बाद उन्हें लाहौर के सर्विसेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरियम (45) को वीवीआईपी-2 वार्ड में भर्ती कराया गया जबकि उनके पिता वीवीआईपी-1 वार्ड में भर्ती थे। कुछ जांच के बाद मरियम को वापस जेल भेज दिया गया। खबर में कहा गया कि सूत्रों ने दावा किया है कि इमरान खान ने पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बजदार से भी बात की और मरियम को उनके पिता के साथ अस्पताल में रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।