रजनीकांत को मिलेगा आइकन ऑफ गोल्डन जुबली अवॉर्ड
नई दिल्ली, 2 नवंबर (भाषा) : सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को घोषणा की कि 50वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में अभिनेता रजनीकांत को विशेष स्वर्ण जयंती पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह फिल्म महोत्सव गोवा में 20 से 28 नवंबर के बीच आयोजित होगा जिसमें देश विदेश की लगभग 250 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। जावड़ेकर ने इस आयोजन में विख्यात फ्रेंच अभिनेत्री इजाबेल हप्पर्ट को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि महोत्सव के स्वर्ण जयंती वर्ष में सिनेमा के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए पचास महिला फिल्मकारों की पचास फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इस वर्ष रूस इस महोत्सव का भागीदार देश होगा। दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के लिए चुने गए अभिनेता अमिताभ बच्चन की कुछ फिल्में भी आईएफएफआई में, प्रदर्शित की जाएंगी।