गुरु जी के दर्शाए मार्ग पर चलने का प्रण करें : कैप्टन

* सुल्तानपुर लोधी में 550वें प्रकाश पर्व संबंधी समारोह शुरू *
—अमरजीत कोमल/मनोज शर्मा/बलविंदर लाडी—
सुल्तानपुर लोधी, 5 नवम्बर : श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के संबंध में पंजाब सरकार की ओर से पूरे सप्ताह किए जाने वाले समारोहों की शुरुआत आज पवित्र बेईं नजदीक बनाए मुख्य पंडाल में स्थापित गुरु नानक दरबार में श्री सहज पाठों की शुरुआत से हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन स्वरुप पालकी साहिब में सुशोभित किया। इससे पूर्व बीबी हर्षदीप कौर ने शब्द गायन किए। समारोह को संबोधित करते हुए कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर हमें उनके द्वारा दर्शाए गए मार्ग पर चलने का प्रण करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने सुल्तानपुर लोधी के सर्वपक्षीय विकास के लिए बहुत से प्रयास किए हैं। उन्हाेंने लोगों को देश में दरपेश धार्मिक असहनशीलता की बढ़ रही चुनौतियों से निपटने के लिए गुरु साहिब की ओर से सहनशीलता और सद्भावना के संदेश को अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 550वें प्रकाश पर्व पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार की ओर से 53 करोड़ रुपए की लागत से तीन टैंट सिटी बनाए गए, जिनमें 35 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक शहर सुल्तानपुर लोधी में नया प्रशासकीय कांप्लैक्स, शहर में 150 रुपए की लागत से रिंग रोड बनाने, ऐतिहासिक किला सराए को हैरीटेज के रुप में विकसित करने और ऐतिहासिक शहर सुल्तानपुर लोधी को ऐतिहासिक शहर डेरा बाबा नानक से जोड़ने वाली सड़क का नाम गुरु नानक मार्ग रखने की घोषणा की है। उन्हाेंने कहा कि इस मार्ग को नैशनल हाईवे बनाने पर 102 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से सुल्तानपुर लोधी को विरासती शहर के रुप में विकसित करने के लिए उनके प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है और इस शहर पर 50 प्रतिशत केंद्र और 50 प्रतिशत पंजाब सरकार खर्च करेगी। उन्हाेंने कहा कि सरकार की ओर से गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर में विभिन्न धर्मो के अध्ययन के लिए 175 करोड़ रुपए की लागत से सैंटर फॉर इंटरफेस स्टडी की स्थापना की जा रही है। उन्हाेंने कहा कि इसके अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये की लागत से सुल्तानपुर लोधी में पिंड बाबे नानक दा भी निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए सरकार की ओर वांछित ज़मीन खरीदी जा चुकी है। समारोह दौरान मुख्यमंत्री और तकनीकी शिक्षा व औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विख्यात शायर पद्मश्री सुरजीत पात्र की पुस्तक श्री गुरु नानक देव जी का फलसफा व श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से संबंधित अन्य नामवर लेखकों की ओर से प्रकाशित पुस्तकें गुरु नानक ब्लैज़ड ट्रेल, गुरु नानक बाणी, सोने का बिरख और गुरु नानक देव जी लाईफ एंड रेलिक्स लोकार्पित करने की रस्म भी निभाई। इससे पूर्व समारोह को संबोधन करते हुए सांसद जसबीर सिंह डिम्पा ने ऐतिहासिक नगर सुल्तानपुर लोधी के सर्वपक्षीय विकास के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्हाेंने समारोह में शामिल हुए गणमान्यों का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने संत समाज के प्रमुख बाबा सरबजोत सिंह बेदी, संत हरि सिंह रंधावा वाले, बाबा कश्मीर सिंह भूरी वाले, बाबा नरिंदर सिंह हजूर साहिब वाले, संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल, जत्थेदार बाबा अवतार सिंह, संत ब्रह्म ज्ञानी परमजीत सिंह हंसाली वाले, संत मनमोहन सिंह बरन वाले, संत बाबा घाला सिंह नानक सर वाले, संत बाबा जगजीत सिंह हरखोवाल वाले, संत बाबा लीडर सिंह, संत महात्मा मुनि के अतिरिक्त गणमान्यों को सम्मानित किया गया। 
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, बलबीर सिंह सिद्धू, ओ.पी. सोनी, सुखबिंदर सिंह सुक्ख सरकारिया, रजिया सुलताना, सुंदर शाम अरोड़ा, भारत भूषण आशु, विजय इंद्र सिंगला, कांग्रेस विधायक नवतेज सिंह चीमा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल आदि सहित प्रमुख नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।