भारतीय निशानेबाजों ने 8 और पदक जीते

दोहा, 6 नवम्बर (भाषा) : भारतीय निशानेबाजों ने बुधवार को यहां एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप के दूसरे दिन 8 पदक हासिल किये लेकिन ओलंपिक के लिये दांव पर लगे कम से कम तीन कोटे से चूक गये। इस तरह भारत की पदकों की संख्या 13 हो गयी है क्योंकि निशानेबाजों ने मंगलवार को पांच पदक अपने नाम किये थे। भारत के चार स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक हैं। केनान चेनाई पुरूष ट्रैप क्वालीफिकेशन में 122 अंक से दूसरे स्थान पर रहे थे लेकिन छह पुरूषों के फाइनल में छठे स्थान पर रहे। वह फाइनल में पहले 25 शाट में केवल 13 पर सफल निशाना लगा पाये। कुवैत, चीनी ताइपे और कतर ने तीन कोटे स्थान हासिल किये। केनान, मानवजीत सिंह संधू और पृथ्वीराज की भारतीय पुरूष ट्रैप टीम ने कुल 357 अंक के स्कोर से रजत पदक प्राप्त किया जिससे टीम कुवैत से छह अंक से पीछे रही जिसने स्वर्ण पदक जीता। पुरूषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अनीश भानवाला क्वालीफिकेशन में 574 के स्कोर से 11वें स्थान पर रहे। इससे उनकी इस स्पर्धा में उपलब्ध तोक्यो ओलंपिक 2020 के चार में से एक कोटा हासिल करने की उम्मीद भी टूट गयी। वह थाईलैंड के प्रतिस्पर्धी से ओलंपिक कोटा चूके जो 10वें स्थान पर रहकर दांव पर लगे चौथे कोटे को हासिल करने में सफल रहे। स्पर्धा के अन्य कोटे जापान, कोरिया और पाकिस्तान के नाम रहे। चीन के विश्व चैम्पियन लिन जुनमिन ने स्पर्धा का स्वर्ण जीता जबकि चीन ने सभी व्यक्तिगत पदक हासिल किये। अनीश, भावेश शेखावत और आदर्श सिंह की भारतीय तिकड़ी ने 1716 अंक के संयुक्त स्कोर से टीम कांस्य पदक जीता। कोरिया ने रजत और चीन ने स्वर्ण हासिल किया।