गुरु जी की शिक्षाओं को अपनाएं : राष्ट्रपति

* गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर सुल्तानपुर लोधी में विशेष तौर पर पहुंचे रामनाथ कोविंद

अमरजीत कोमल/मनोज शर्मा/बलविंदर लाडी
सुल्तानपुर लोधी, 12 नवम्बर : गुरु साहिबान की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपना कर हमें देश व दुनिया की बेहतरी में अपना योगदान देना चाहिए। ऐसा कर हम गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर उनको सच्चा सम्मान दे सकते हैं और आओ सभी मिलकर समूह मानवता के कल्याण के लिए गुरु नानक देव जी से आशीर्वाद लें। यह शब्द देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरु नानक स्टेडियम में गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर श्री अकाल तख्त साहिब की सरपरस्ती में करवाए गए विशाल समारोह को संबोधित करते हुए कहे। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं जिसे गुरु जी की चरण स्पर्श धरती सुल्तानपुर लोधी में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जहां गुरु नानक देव जी को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। गुरु नानक देव जी ने समानता, भाईचारा, नेकी और सदाचार की शिक्षाओं द्वारा लोगों को जात-पात और कर्म कांडों से मुक्त करने का प्रयास किया। गुरु जी ने अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए संगीत की मिठास में रची सरल भाषा में उपदेश दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि एक जन्म साखी में गुरु जी की मक्का यात्रा का विशेष तौर पर वर्णन किया गया है। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी है।
गुरु जी के उपदेशों पर अमल करने की ज़रूरत : प्रकाश सिंह बादल : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उनकी पत्नी सविता कोविंद और पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर का स्वागत किया। बादल ने कहा कि गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर उनकी ओर से दिए गए उपदेशों पर अमल करने की जरुरत है। गुरु नानक देव जी के जीवन काल दौरान दुनिया के हालात कोई बहुत ठीक नहीं थे, परंतु गुरु जी ने समय के शासकों द्वारा लोगों पर किए जाते जुल्म और जब्र विरुद्ध आवाज बुलंद की और उन्हाेंने महिला जाति को समानता का अधिकार दिलाया। उन्होंने गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर सिखों को करतारपुर साहिब गलियारे का तोहफा देने पर भारत व पाक की सरकार का आभार व्यक्त किया। 
शिरोमणि कमेटी पूरे वर्ष गुरमति समारोह करवाएगी : भाई लौंगोवाल : शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरु नानक देव जी के 550वे प्रकाश पर्व संबंधी पूरे वर्ष गुरमति समारोह करवाए जाएंगे। उन्हाेंने इस पावन अवसर पर युवाओं को जो बाणी से दूर होते जा रहे हैं, को बाणी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। लौंगोवाल ने कहा कि आज हमें गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर गुरु जी द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलने और उनकी विचाराधारा के धारणी बनना चाहिए। शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष ने 550वें प्रकाश पर्व संबंधी समारोह में देश के राष्ट्रपति, उनकी पत्नी, पंजाब के राज्यपाल, अन्य प्रमुख शख्सियतों, संत समाज से संबंधित संत-महापुरुष और अन्य संस्थाओं के नेताओं की ओर से शामिल होने पर उनका आभार जताया। उन्होंने समूह जत्थेबंदियों, सभा सोसायटियों और श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि शिरोमणि कमेटी की ओर से अगले वर्ष जनवरी महीने में शुक्राना समारोह करवा प्रकाश पर्व मौके सहयोग देने वाले महापुरुषों, जत्थेबंदियिं, टक्सालों, निहंग सिख दलों, लंगर व अन्य सेवा करने वाली सोसायटियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे पूर्व भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने रामनाथ कोविंद, सविता कोविंद, वी.पी. सिंह बदनौर, प्रकाश सिंह बादल और पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश को सम्मानित किया। समारोह दौरान मंच संचालन की भूमिका शिरोमणि कमेटी के सचिव डा. रुप सिंह ने बाखूबी निभाई।
समारोह में कौन-कौन हुए शामिल : प्रकाश पर्व संबंधी करवाए गए समारोह में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, शिरोमणि कमेटी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जगीर कौर, डा. उपिंदरजीत कौर, बिक्रम सिंह मजीठिया, सिकंदर सिंह मलूका, डा. दलजीत सिंह चीमा, जनमेजा सिंह सेखों, गुलजार सिंह रणिके सभी पूर्व मंत्री, राज्य सभा सदस्य बलविंदर सिंह भूंदड़, पूर्व एम.पी. जगमीत सिंह बराड़, दरबारा सिंह गुरु, महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल, अलविंदरपाल सिंह पक्खोके, रघुजीत सिंह विर्क, गुरबचन सिंह करमूवाला, बिक्कर सिंह चन्नू, भाई मनजीत सिंह, भाई अमरजीत सिंह चावला, रजिंदर सिंह मेहता, बड़ी संख्या में संगत और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित हुए।
कैप्टन, बादल व अन्य नेताओं ने गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा : देश के राष्ट्रपति की गुरुद्वारा साहिब में आमद से पूर्व पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने अपनी धर्मपत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री महारानी प्रनीत कौर के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका और मानवता के भले के लिए अरदास की। मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी ने गुरुद्वारा साहिब में रुमाला साहिब व चंवर साहिब भेंट किया। भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कैप्टन अमरेंद्र सिंह व महारानी प्रनीत कौर को सिरोपे भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस के मामलों की इंचार्ज आशा कुमारी, कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैबिनेट मंत्री ओ.पी. सोनी, सांसद जसबीर सिंह डिम्पा आदि उपस्थित थे। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल व पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, जत्थेदार तोता सिंह के साथ गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए। उनको भी भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने सिरोपे देकर नवाज़ा।
राष्ट्रपति व उनकी धर्मपत्नी गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में हुए नतमस्तक
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व उनकी धर्मपत्नी सविता कोविंद ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में नतमस्तक हो गुरु घर प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया। गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने दौरान राष्ट्रपति के जोगिया रंग की दस्तार सजाई गई थी। इस अवसर पर शिरोमणि कमटी के अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने रामनाथ कोविंद, उनकी धर्मपत्नी सविता कोविंद व पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर को सम्मानित किया। उपरांत राष्ट्रपति ने श्री बेरी साहिब के दर्शन भी किए। इस दौरान ही राष्ट्रपति और उनकी धर्मपत्नी ने गुरुद्वारा साहिब के बाहर जुड़ी संगत का जयकारों की गूंज में अभिनंदन स्वीकार किया।