डेविड एटनबरो को मिलेगा 2019 का इंदिरा गांधी शांति सम्मान

नई दिल्ली, 19 नवम्बर (वार्ता): पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की अध्यक्षता वाली अंतर्राष्ट्रीय जूरी ने प्रसिद्ध प्रकृति वैज्ञानिक और प्रसारक सर डेविड एटनबरो को इंदिरा गांधी शान्ति, निरस्त्रीकरण और विकास सम्मान 2019 के लिए चयनित किया है। इंदिरा गांधी स्मारक न्यास के सचिव सुमन दुबे ने मंगलवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
 उन्होंने बताया कि सर डेविड एटनबरो पांच दशक से अधिक समय से जीव जंतुओं पर लगातार काम कर रहे हैं और उन्होंने इस पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी लिखी हैं। दुबे ने बताया कि सर  एटनबरो ने पारिस्थितिकी को लेकर जो सशक्त संदेश दिया उनकी आवाज़ को पूरी दुनिया ने सुना है और इस चिंता पर अपना ध्यान केन्द्रित किया है। एक प्रसारक के रूप में उन्होंने पूरी दुनिया के करोड़ों लोगों को जीव-जंतुओं के बारे में व्यापक और रोचक जानकारी दी और बताया कि इंसान और प्रकृति के लिए इन जीव जंतुओं का कितना महत्व है।