कुश्ती चैम्पियनशिप में पहलवानों के मुकाबले आज से

जालन्धर, 28 नवम्बर (खेल प्रतिनिधि): 64वीं सीनियर नैशनल पुरुषों की कुश्ती व 22 महिला सीनियर नैशनल कुश्ती चैम्पियनशिप जो 29 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक एम.एस. भुल्लर स्टेडियम पी.ए.पी. कैम्पस में भारतीय कुश्ती फैडरेशन द्वारा पंजाब कुश्ती संस्था के सहयोग से करवाई जा रही है। यह जानकारी देते हुए पंजाब कुश्ती संस्था के प्रधान पदमश्री करतार सिंह ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में देश भर से 1400 के लगभग पहलवान (पुरुष व महिलाएं) भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर करतार सिंह ने भारतीय कुश्ती संस्था के प्रधान सांसद ब्रिज भूषण शरन सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब को यह टूर्नामैंट 24 वर्ष के अर्से बाद अलाट किया गया है तथा इसको अच्छे ढंग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस चैम्पियनशिप की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा पहलवानों की रिहायश पी.ए.पी. आर.टी.सी. होस्टल व माडल टाऊन जालन्धर में की गई है। इस चैम्पियनशिप का रस्मी उद्घाटन इकबालप्रीत सिंह सहोता आई.पी.एस. डी.जी.पी. आर्म्ड बटालियन पी.ए.पी. जालन्धर करेंगे। इस चैम्पियनशिप में विशेष तौर पर टोकियो ओलम्पिक में पदक की दावेदार विनेश फोगट, ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक, दिव्या काकरन, सरिता मोर, नवजोत कौर अपने जौहर दिखाएंगी। इसके अतिरिक्त पुरुषों के वर्ग में गौरव बालियान, सुमित मलिक, सत्याव्रत कादियान, राहुल मान भी अपने जौहर दिखाएंगे।