सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने लोकसभा में मांगी माफी

नई दिल्ली, 29 नवम्बर (भाषा/ उपमा डागा पारथ) : भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने लोकसभा में अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए शुक्रवार को सदन में दो बार माफी मांगी और कहा कि उन्होंने नाथूराम गोडसे को देशभक्त नहीं कहा था तथा उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। भोपाल से लोकसभा सदस्य प्रज्ञा सिंह ठाकुर की बुधवार को लोकसभा में की गई टिप्पणी को लेकर उनसे बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, बसपा, द्रमुक समेत विपक्षी दलों के सदस्यों ने शुक्रवार को सदन में भारी हंगामा किया।  इससे पहले प्रज्ञा ने शून्यकाल के दौरान इस विषय पर सदन में माफी मांगी थी और साथ ही कहा कि उनके बयान को ‘‘तोड़-मरोड़कर पेश किया गया’’। हालांकि प्रज्ञा के माफी वाले बयान पर विपक्षी दल संतुष्ट नहीं हुए तथा बिना शर्त माफी की मांग पर अड़े रहे। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने इस विषय का समाधान निकालने के लिए भोजनावकाश में सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई। भोजनावकाश के बाद बैठक शुरू होने पर भाजपा सदस्य प्रज्ञा ने दोबारा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैंने 27 नवम्बर को एसपीजी विधेयक पर चर्चा के दौरान नाथूराम गोडसे को देशभक्त नहीं कहा, नाम ही नहीं लिया, फिर भी किसी को ठेस पहुंचती हो तो मैं क्षमा चाहती हूं। इसके बाद सदन की बैठक सुचारू रूप से आगे बढ़ी और शून्यकाल को लिया गया। शून्यकाल में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार के मन में महात्मा गांधी के बारे कितना सम्मान है, उसे पूरा देश जनता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि गोडसे को देशभक्त बताना तो दूर, इस बारे में सोचना भी निंदाजनक है। उक्त सदस्य ने माफी मांग ली है और अब स्पीकर जो निर्देश देंगे, उसका पालन किया जायेगा। इससे पहले प्रज्ञा ने यह भी कहा कि देश के लिए महात्मा गांधी के सेवाकार्यों का वह सम्मान करती हैं।  भोपाल से भाजपा सदस्य प्रज्ञा ने कहा कि बीते घटनाक्रम में सबसे पहले मैं सदन में मेरे द्वारा की गयी किसी टिप्पणी से यदि किसी को भी किसी प्रकार की ठेस पहुंची हो तो खेद प्रकट कर क्षमा चाहती हूं। उन्होंने कहा कि संसद में दिए गए उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर गलत ढंग से पेश किया गया जो निंदनीय है। प्रज्ञा ने कहा कि मेरे बयान का संदर्भ कुछ और था। उन्होंने यह भी कहा कि इसी सदन के एक सदस्य ने सार्वजनिक तौर पर मुझे आतंकवादी कहा। मेरे साथ तत्कालीन सरकार द्वारा रचे गये षड्यंत्र के बावजूद अदालत में मेरे खिलाफ कोई आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। बिना दोषी सिद्ध हुए मुझे आतंकवादी कहना कानून के खिलाफ है। कोई आरोप सिद्ध हुए बिना मुझे आतंकवादी बताना एक महिला के नाते, एक संन्यासी के नाते, एक सांसद के नाते मेरे सम्मान पर हमला करके अपमानित करने का प्रयास है।
प्रज्ञा पर दिए बयान पर कायम हूं : राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह लोकसभा में विवादित बयान देने वाली भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह को आतंकवादी बताने वाली अपनी टिप्पणी पर कायम हैं। अपने खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की भाजपा की मांग के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा कि इससे उन्हें कोई समस्या नहीं है। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि गोडसे भी हिंसा का प्रयोग करता था और यह (प्रज्ञा) भी हिंसा का प्रयोग करती हैं। 
युवा कांग्रेस द्वारा प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ प्रदर्शन
 भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने नाथूराम गोडसे को ‘‘देशभक्त’’ करार देने के भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के बयान को लेकर शुक्रवार को उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और संसद भवन की ओर मार्च करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी ठाकुर और भाजपा के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन कृषि भवन भवन के पास बैरीकेड लगाकर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। 
प्रज्ञा को जलाकर मारने की धमकी
मध्य प्रदेश के राजगढ़ ज़िले के ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी ने प्रज्ञा को जला कर मारने की धमकी दी। हालांकि सोशल मीडिया में बयान वायरल होने के बाद शुक्रवार को विधायक ने माफी भी मांग ली।
इंदौर के एक और पुलिस थाने में प्रज्ञा के खिलाफ शिकायत दर्ज
प्रज्ञा सिंह ठाकुर के लोकसभा में दो दिन पहले दिये विवादित बयान पर आपत्ति जताते हुए एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने उनके खिलाफ शुक्रवार को यहां पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि ठाकुर के खिलाफ शिकायत के कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। इस अभी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस नेता देवेन्द्र सिंह यादव द्वारा पंढरीनाथ पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में मांग की गई है कि 49 वर्षीय भाजपा सांसद के खिलाफ देशद्रोह के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की जाए।