जीरकपुर हाईवे पर पलटी तेज रफ्तार कार, तीन की मौके पर मौत 

जीरकपुर, 22 दिसंबर - (हैप्पी पंडवाला) - आज तड़के जीरकपुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार के पलटने के कारण तीन नौजवानों की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी नौजवान (तीन लड़के और दो लड़कियां) दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए आ रहे थे। इस दौरान जीरकपुर हाईवे पर चालक कार पर संतुलन खो बैठा और यह हाईवे पर डिवाइडर के साथ टकराकर पलट गई। हादसे में पांचों नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों  को हाईवे से गुजर रहे लोगों ने कार से बाहर निकालकर सेक्टर-32 के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीन लड़कों की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियों का अभी भी इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी पीड़ितों  के परिवारों को दे दी गई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।