अकालियों के वजीफा घोटाले में लगाए आरोप झूठ का पुलिंदा : धर्मसोत

चंडीगढ़ , 26 दिसंबर (अ.स.) : पंजाब के सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की ओर से वजीफा घोटाले में लगाये गये आरोपों को झूठ का पुलिंदा करार देते हुये कहा कि वजीफा राशि में कोई घोटाला नहीं हुआ है। उन्होंने आज यहां कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप फार एससी तथा बीसी स्कीम के तहत वर्ष 2016-2017 की कुल मांग 780.31 करोड़ रूपये बनती थी। इस मांग में केन्द्र सरकार का हिस्सा 719.52 करोड़ रूपये तथा प्रदेश सरकार का हिस्सा 60.79 करोड़ रूपये बनता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र के हिस्से में 303.92 करोड़ रूपये की राशि प्राप्त हो चुकी है तथा 415.60 करोड़ रूपये की राशि केन्द्र सरकार पर बकाया है। प्रदेश सरकार को प्राप्त हुई 303.92 करोड़ की राशि में 231.20 करोड़ रूपये का इस्तेमाल प्रमाणपत्र केन्द्र को भेजा जा चुका है। इसके अलावा 72.72 करोड़ रूपये का प्रमाणपत्र जल्द भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि  14.40 करोड़ ओबीसी स्कालरशिप की मंजूरी दे दी है। इस राशि को केन्द्र के निर्देश पर छात्रों के खाते में डालने की प्रक्रिया जारी है तथा अगले एक दो दिन में छात्रों के खाते में पहुंच जायेगी। इस राशि में कोई घोटाला नहीं हुआ।