सवा सौ करोड़ के पास ‘आधार कार्ड’

नई दिल्ली, 27 दिसम्बर (वार्ता):  देश में आधार कार्ड धारकों की संख्या 125 करोड़ के पार पहुंच गई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने बताया कि आधार परियोजना ने 125 करोड़ के आंकड़े को पार करके नई उपलब्धि हासिल की है। देश के 125 करोड़ से ज्यादा लोगों के पास उनकी 12 अंकों की विशिष्ट पहचान उपलब्ध है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि यह उपलब्धि आधार धारकों द्वारा प्राथमिक पहचान दस्तावेज़ के रूप में आधार के तेजी से बढ़ते उपयोग के कारण हासिल हुई है। आधार-आधारित प्रमाणीकरण सेवाओं का शुरुआत से अब तक लगभग 37,000 करोड़ बार इसका उपयोग हो चुका है। वर्तमान में यूआईडीएआई को प्रतिदिन लगभग 3 करोड़ प्रमाणीकरण अनुरोध प्राप्त हो रहे हैं। इसके अलावा यूआईडीएआई ने अब तक लगभग 331 करोड़ सफल आधार अपडेट (बायोमेट्रिक और जनसांख्यिकीय) दर्ज किये हैं। वर्तमान में यूआईडीएआई को रोजाना तीन से चार लाख आधार अपडेट अनुरोध प्राप्त हो रहे हैं।