घने कोहरे के चलते 4 उड़ानें रद्द, कई में देरी

एस. ए. एस. नगर, 30 दिसम्बर (के. एस. राणा): मोहाली स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में घने कोहरे के चलते चार उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि कई उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी के साथ उड़ान भरेंगी। इस सबंधी विस्तार सहित जानकारी देते हुए एयरपोर्ट के पब्लिक रिलेशन अधिकारी प्रिंस दिलदार ने बताया कि गहरे कोहरे के चलते फ्लाइट गोएयर 108 दिल्ली-चण्डीगढ़, एयर इंडिया धर्मशाला-चण्डीगढ़, इंडिगो 966 दिल्ली-चण्डीगढ़ और एयर एशिया की दिल्ली से चण्डीगढ़ के लिए चलने वाली उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि इसी तरह एयर इंडिया की मुम्बई से चण्डीगढ़ के लिए चलने वाली उड़ान अपने निर्धारित समय से करीब ढाई घण्टे, गोएयर की अहमदाबाद से चण्डीगढ़ जाने वाली उड़ानें करीब 1 घण्टा, इंडिगो की बैंगलौर से चण्डीगढ़ जाने वाली उड़ान करीब ढाई घण्टे, एयर एशिया की बैंगलोर से चण्डीगढ़ को जाने वाली उड़ान 1 घण्टा, एयर एशिया की दिल्ली से चण्डीगढ़ को जाने वाली उड़ान करीब 5 घण्टे, विस्तारा की दिल्ली से चण्डीगढ़ जाने वाली उड़ान 3 घण्टे एवं इंडिगो की बैंगलोर से चण्डीगढ़ जाने वाली उड़ान ने करीब 3 घण्टे लेट उड़ान भरी। उन्होंने कहा कि मौसम के साफ होने पर सभी उड़ानें अपने निर्धारित समय अनुसार ही उड़ान भरेंगी।