कुल 120 भाषाओं में गाना गाने वाली सुचेता होंगी सम्मानित 

दुबई, 3 जनवरी (एजेंसी): दुबई में रहने वाली एक भारतीय मूल की प्रतिभावान लड़की ने शुक्रवार को ‘ग्लोबल चाइल्ड प्रोडिजी अवार्ड्स 2020’ में जीत हासिल की है। लड़की की खासियत है कि वह 120 भाषाओं में गाना गा सकती है। उसके पिता टी. सी. सतीश ने खलीज टाइम्स को बताया कि उसकी बेटी सुचेता सतीश (13) को दुबई इंडियन हाईस्कूल की कोकिला के रूप में जाना जाता है। उसने गायन श्रेणी में जीत हासिल की है। ग्लोबल चाइल्ड प्रोडिजी अवार्ड विभिन्न श्रेणियों जैसे नृत्य, संगीत, कला, लेखन, अभिनय, मॉडलिंग, विज्ञान, नवाचार, खेल आदि में बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने का एक मंच है। यह पुरस्कार डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंटरनेशनल फाउंडेशन और ऑस्कर पुरस्कार विजेता संगीत निर्माता ए.आर. रहमान द्वारा समर्थित है। अपनी जीत के बारे में बात करते हुए सुचेता ने कहा, ‘‘मुझे एक संगीत कार्यक्रम के दौरान ज्यादातर भाषाओं में गाने पर अपने दो विश्व रिकॉर्ड बनाने पर पुरस्कार के लिए चुना गया है। सुचेता वर्तमान में 120 भाषाओं में गा सकती हैं।