दुबई में भारी वर्षा से आई बाढ़

दुबई, 13 जनवरी (भाषा) : दुबई में मूसलाधार बारिश से बाढ़ आ गयी है और पिछले तीन दिनों से मकान एवं सड़कों पर गाड़ियां पानी में डूब गयी हैं एवं कई लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं। गल्फ न्यूज की खबर है कि दो अलग अलग घटनाओं में दुबई पुलिस ने अमीरात की एक महिला और एक एशियाई व्यक्ति को बचाया।  दोनों पानी से भरी सड़कों पर फंसे हुए थे। फेस्टिवल सिटी के समीप एक महिला को सुरंग से निकाला गया। उसकी गाड़ी खराब हो गयी थी। उसे खिड़की के रास्ते निकाला गया क्योंकि गाड़ी का दरवाजा फंस गया था और वह नहीं खुला। एक अन्य घटना में दुबई इंटरनेशनल सिटी में एक एशियाई व्यक्ति को बचाया गया। उसकी गाड़ी बाढ़ में डूबी सड़क पर फंस गयी थी।  इंटरनेशनल सिटी में रहने वाली भारतीय महिला आशा मनोहरन ने बताया कि इलाके में बाढ़ आ जाने के कारण वह शुक्रवार से अपने घर में फंसी है।  उसने कहा, ‘मैं खरीददारी करने ड्रैगन मार्ट गयी। शुक्रवार देर शाम मैं लौटी। उसके बाद से मैं घर से बाहर बिल्कुल नहीं निकल पायी हूं।’ उसने कहा कि उसकी कार शुक्रवार शाम से ही गहरे पानी में फंसी हुई है।  पूरे दुबई में पिछले तीन दिनों में भारी वर्षा हुई है और शहर के कई हिस्से गहरे पानी में डूब गये हैं।  अबू धाबी और शारजाह जैसे अन्य शहरों में भी भारी वर्षा हुई है।