कश्मीर में हिमस्खलन, पांच जवान शहीद

श्रीनगर, 14 जनवरी (एजैंसी) : उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले में नियंत्रण रेखा के पास हिमस्खलन के चपेट में आने से सेना के चार जवान और सीमा सुरक्षा बल का एक जवान शहीद हो गया और एक  अन्य जवान को बचा लिया गया। 
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोमवार को भारी हिमपात के कारण माचिल सैक्टर में सेना की एक अग्रिम चौकी पर तैनात पांच जवान हिमस्खलन की चपेट में आ गए। काफी मशक्त के बाद सेना के चार जवानों को बाहर निकाल कर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया व एक को बचा लिया गया। पांचवे जवान का शव भी कईं फीट गहरी बर्फ से निकाला गया। एक अन्य घटना में नौगाम में सोमवार शाम एक अग्रिम चौकी पर हिमस्खलन के कारण बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया। इलाके में तैनात सात जवानों में से छह को सुरक्षित बचा लिया गया लेकिन बर्फ में फंसे कांस्टेबल को काफी कोशिशों के बावजूद बचाया नहीं जा सका।
लापता जवान का पता लगाने की कोशिशें चल रही है। वहीं गंदेरबल ज़िले में गगनगीर इलाके के एक गांव में हिमस्खलन हुआ जिसमें पांच नागरिकों की मौत हो गई जबकि चार अन्यों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन सोमवार रात को हुआ जब पांच नागरिक इलाके से गुजर रहे थे। पांचों के शव बरामद कर लिए गए हैं।  
दूसरी ओर बारामूला ज़िला के गुलगर्म में दो बच्चियां हिमस्खलन की चपेट में आ गई थीं जिन्हें बचा लिया गया। वहीं केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख में भारी बर्फबारी के कारण फंसे पर्यटकों के लिए सेना लगातार खोज और बचाव अभियान चला रही है। लद्दाख में जमी हुई जांसकर नहीं पर टै्रकिंग के दौरान खराब मौसम में फंसे पर्यटकों की खोज व बचाव के लिए सेना ने रेसक्यू आप्रेशन शुरु किया है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से बीमार 6 पर्यटकों को हैलीकॉप्टर की सहायता से लेह के सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।