भाजपा नेता द्वारा आत्महत्या, ट्यूबवैल के कमरे में लटका मिला शव 

 

रादौर, 15 जनवरी (कुलदीप सैनी) : रादौर भाजपा मंडल महामंत्री राजकुमार घिलौर (47) ने मंगलवार की रात को अपने ट्यूबवैल के कमरे में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाते हुए मामले की जांच की। राजकुमार घिलौर का बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। अब वीरवार को उनके शव का पोस्टमार्टम होगा। राजकुमार का बाद दोपहर 12 बजे गांव घिलौर में शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार भाजपा नेता  राजकुमार निवासी घिलौर बुधवार की शाम को लगभग पांच बजे घर से अपने खेतों में बाईक पर गया था। जिसके बाद लगभग सात बजे तक राजकुमार घर में नहीं आया। घर के लोगों ने राजकुमार के मोबाईल पर कई बार फोन किया। लेकिन फोन रिसिव नहीं हुआ। जिसके बाद राजकुमार की गांव घिलौर व आसपास के गांव में तलाश की गई। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में जब घर के लोगों ने अपने ट्यूबवैल पर जाकर देखा तो कमरे में राजकुमार का शव फंदे से लटका हुआ था। वहीं राजकुमार की बाईक पर उसकी जैकेट व पास में जूते रखे हुए थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। राजकुमार घिलौर मार्कीटिंग सोसाईटी के वाईस चेयरमैन व पैक्स केन्द्र चमरोड़ी के निदेशक थे। मृतक भाजपा नेता दो बच्चों कर्ण (19) व रजत (16) का पिता था। जो अपनी पत्नी संगीता व बच्चों के साथ गांव में रहता था। राजकुमार घिलौर के निधन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की शोक व्यक्त किया है।