बिहार में बनी अनोखी मानव शृंखला

पटना, 19 जनवरी (भाषा) :  बिहार में नीतीश कुमार सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सुधार संबंधी कदमों के समर्थन में लाखों लोग रविवार को पूरे राज्य में मानव शृंखला बनाने के लिए राज्य की सड़कों पर उतरे। मुख्यमंत्री कुमार के साथ राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति राज्य की राजधानी पटना के गांधी मैदान में एकदूसरे का हाथ पकड़कर खड़े हुए। गांधी मैदान में लोगों ने मानव शृंखला से बिहार का नक्शा बनाया। कुमार ने इस कार्यक्रम का आयोजन जल जीवन हरियाली अभियान, दहेज एवं बाल विवाह के खिलाफ अभियानों और शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध जैसे प्रयासों को लेकर जागरुकता उत्पन्न करने के लिए किया। इस कार्यक्रम के दौरान संगीत बैंड द्वारा देशभक्ति के गीत बजाये गए।