परेड में होगी श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश देती पंजाब की झांकी

चंडीगढ़, 22 जनवरी (वार्ता) : सिखों के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव का संदेश ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ इस बार दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब सरकार की झाँकी के विषय के तौर पर दर्शाया जायेगा। सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि पंजाब की झाँकी को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की विचारधारा के साथ-साथ उनके 550वें प्रकाश पर्व से संबंधित समागमों को समर्पित किया गया है। राज्य सरकार ने गुरु साहिब के सिद्धांतों पर आधारित फलसफे ‘किरत करो’, ‘नाम जपो’, ‘वंड छको’ को दिखाने की कोशिश की है जो आज भी प्रासंगिक है। प्रवक्ता के अनुसार ‘किरत करो’ का सिद्धांत ईमानदार साधनों के जरिये आजीविका कमाने का संदेश देता है जबकि ‘नाम जपो’ का सिद्धांत परमात्मा के नाम का निरंतर जाप करने के लिए प्रेरित करता है। इसी तरह गुरु साहिब ने अपने तीसरे सिद्धांत ‘वंड छको’ के द्वारा लोगों को समानता वाले समाज की सृजना के लिए अपनी मेहनत के फल को बाँट कर ग्रहण करने का उपदेश दिया है।  गुरु नानक देव के सहिष्णुता, शान्ति, सांप्रदायिक सद्भावना, महिला सशक्तिकरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे नैतिक मूल्यों पर आधारित संदेश पूरी दुनिया के लिए धर्मों में आपसी सौहार्द का प्रतीक हैं। पूरी झाँकी गुरु नानक देव जी की सभी शिक्षाओं के जरिये आध्यात्मिक और पवित्र प्रकाश बिखेरेगी। झाँकी में ट्रैक्टर वाले हिस्से पर विशाल और अछ्वुत हाथ ‘एक ईश्वर’ के फलसफे को दर्शाता है। ट्रेलर पर सिख धर्म के तीन बुनियादी सिद्धांत ‘किरत करो’, ‘नाम जपो’, ‘वंड छको’ दर्शाए गए हैं।