सोफिया केनिन बनीं ऑस्ट्रेलिया ओपन की नई मलिका, जीता पहला ग्रैंड स्लैम

नई दिल्ली, 01 फरवरी - महज 21 वर्षीय सोफिया केनिन ने दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्पेन की गर्बाइने मुगुरुजा को हराते हुए साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता। रूस के मॉस्को में जन्मीं इस अमेरिकी खिलाड़ी ने 2 घंटे 2 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले को 4-6, 6-2, 6-2 से अपने किया। यह सोफिया के करियर का पहला ग्रैंड स्लैम भी है। इस जीत के बाद सोफिया को न सिर्फ 28 लाख यूएस डॉलर (20 करोड़ रुपये) मिले बल्कि उनकी रैंकिंग भी 14वीं से सातवीं हो गई। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एश्ले बार्टी को हराकर फाइनल में पहुंचने वाली सोफिया केनिन ने पांच साल की उम्र में ग्रैंड स्लैम जीतने का ख्वाब देखा था।