शेंगेन वीज़ा लेना हुआ महंगा

नयी दिल्ली, 2 फरवरी (भाषा) : यूरोप के टूर पर जाना रविवार से महंगा हो गया है क्योंकि शेंगेन वीज़ा शुल्क में बढोत्तरी कर दी गयी है। शेंगेन वीजा लेकर यूरोप जाने वालों को अब इसके शुल्क के रूप में 60 की बजाए 80 यूरो चुकाने होंगे। यूरोपीय संघ के एक अधिकारी ने प्रेट्र को बताया, ‘शेंगेन वीजा का शुल्क बढ़ा कर 80 यूरो कर दिया गया है। वीजा शुल्क के तौर पर पहले 60 यूरो चुकाने होते थे।’ अधिकारी ने बताया, ‘वर्ष 2006 के बाद यह पहली बढ़ोत्तरी है।’ आस्ट्रिया, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, यूनान, स्विट््जरलैंड और स्पेन समेत 26 यूरोपीय देशों के टूर पर जाने के लिए शेंगेन वीजा की आवश्यकता होती है। अधिकारी ने बताया कि बढ़े हुए वीजा शुल्क से सदस्य देशों को वीजा आवेदनों पर तेजी से और कुशलता से प्रक्रिया करने के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन मिलेगा। अधिकारी ने बताया कि छह साल से कम उम्र के बच्चों का वीजा शुल्क अब भी माफ है (जैसा कि पहले वाले नियम में था ।) छह से 12 साल के बच्चों का वीजा शुल्क अब भी आधा है और इसलिए इसमें पांच यूरो की वृद्धि की गयी है जिससे यह 40 यूरो हो गया है।