ऋषि कपूर फिर अस्पताल में भर्ती 

मुम्बई, 6 फरवरी (भाषा) : अनुभवी अभिनेता ऋषि कपूर को वायरल बुखार के कारण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले सप्ताह उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल से छुट्टी मिली थी। कपूर परिवार के एक करीबी सूत्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि 67 वर्षीय अभिनेता को सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसी दिन अभिनेता ने ट््विटर पर कहा था कि वह घर वापस आ गए हैं और उनकी तबीयत ‘ठीक’ है। सूत्र ने बताया, ‘‘उन्हें वायरल बुखार के कारण दो दिन पहले दक्षिण मुंबई में सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।’ अभिनेता करीब एक साल तक अमेरिका में कैंसर का इलाज कराने के बाद गत वर्ष सितंबर में भारत लौटे थे।