फिलहाल भारत से ट्रेड डील नहीं कर सकते, इस पर आगे करेंगे विचार - ट्रंप

वाशिंगटन, 19 फरवरी (भाषा) : अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की इस महीने की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते की उम्मीदें कम हैं। ट्रम्प ने इस बारे में कहा कि वह समझौते को बाद के लिए बचाकर रख रहे हैं। उन्होंने यहां ज्वायंट बेस एंड्रयूज में मंगलवार की दोपहर संवाददाताओं से कहा कि हम भारत के साथ व्यापार समझौता कर सकते हैं। लेकिन मैं इस बड़े समझौते को बाद के लिये बचा रहा हूं। ट्रम्प 24 फरवरी को दो दिवसीय भारत यात्रा पर जाने वाले हैं। यह ट्रम्प की पहली भारत यात्रा होगी। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें इस यात्रा में व्यापार समझौते की उम्मीद है, ट्रम्प ने कहा कि हम भारत के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता कर रहे हैं। हम यह समझौता करेंगे। मुझे नहीं पता कि यह नवम्बर में होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव से पहले होगा या नहीं, लेकिन हम भारत के साथ बड़ा समझौता करने जा रहे हैं। ट्रम्प ने अमरीका-भारत व्यापार संबंधों को लेकर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि भारत हमारे साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर रहा है। लेकिन मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद करता हूं। भारत के साथ चल रही व्यापार वार्ता में ट्रम्प सरकार का प्रतिनिधित्व अमरीका के व्यापार मंत्री रॉबर्ट लाइटहाइजर कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो लाइटहाइजर के ट्रम्प के साथ भारत यात्रा पर जाने की उम्मीदें कम हैं। हालांकि अधिकारियों ने उनके जाने की संभावनाओं को भी पूरी तरह से खारिज नहीं किया है।