कांग्रेस व अकाली दल को झटका- कटारिया, गोल्डी, कम्बोज, गुरप्रीत व राय ‘आप’ में शामिल


चंडीगढ़, 19 फरवरी (अजायब सिंह औजला): आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब द्वारा आज सत्ताधारी कांग्रेस व शिरोमणि अकाली दल (बादल) व खैहरा की पंजाब एकता को झटका देते 5 बड़े नेताओं को आम आदमी पार्टी में शामिल कर लिया है। चंडीगढ़ में पार्टी के प्रदेश प्रधान व सांसद भगवंत मान की उपस्थिति में बलाचौर से 2 बार कांग्रेस पार्टी के विधायक रहे श्री राम कृष्ण कटारिया, नवांशहर की ज़िला परिषद की पूर्व चेयरमैन श्रीमती संतोष कुमारी, जो कटारिया परिवार की बहू व 2007 में कांग्रेस द्वारा पार्टी की बलाचौर से उम्मीदवार भी थी, को पार्टी में रस्मी तौर पर शामिल किया गया। इसके साथ ही यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू-कश्मीर यूथ कांग्रेस के इंचार्ज सहित कांग्रेस में विभिन्न पदों पर काम करने वाले जगदीप कम्बोज गोल्डी भी ‘आप’ में शामिल हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि गोल्डी कम्बोज ने 2019 में जलालाबाद से आज़ाद उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा उप चुनाव भी लड़ी थी। यूथ अकाली दल मानसा के 2002 से 2016 तक ज़िला प्रधान रहे स. गुरप्रीत सिंह बणावाली भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। गुरप्रीत सिंह बणावाली जल सप्लाई व सीवरेज बोर्ड के पूर्व निदेशक व यूथ अकाली दल की कोर कमेटी के सदस्य भी थे। इस तरह सुखपाल सिंह खैहरा की पंजाब एकता पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य व फतेहगढ़ साहिब से ज़िला प्रधान लखबीर सिंह राय ने भी ‘झाडू’ उठा लिया है।