शिमला के मंढोल में हुई ताजा बर्फबारी

शिमला, 21 फरवरी (अ.स.) : प्रदेश  में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है। शनिवार देर रात प्रदेश के ऊपरी इलाको में बर्फबारी हुई है। ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण पथ परिवहन निगम और निजी बसों के 60 से अधिक रूट प्रभावित हो गए हैं। सुबह के समय कुफरी, नारकंडा, खड़ा पत्थर में कोई भी वाहन नहीं चला। हालांकि दोपहर बाद सड़कों को बहाल कर दिया गया था। चौपाल व नारकंडा दोपहर बाद भी पूरी तरह बंद थे। रामपुर और रोहडू के लिए बसें वाया मशोबरा भेजी जा रही है। बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला में जन जीवन प्रभावित हो गया है। चौपाल में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो गई। राजधानी शिमला में भी हल्की बर्फबारी हुई है। पानी वाली बर्फ  और तापमान अधिक होने के कारण बर्फ  टिक नहीं पाई और राजधानी का ट्रैफिक सामान्य बना रहा। राज्य में में हुई ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बर्फबारी जिला शिमला में फरवरी के अंतिम सप्ताह में हुई बर्फबारी जहां किसानों के लिए फायदेमंद है वहीं बागवानों के लिए नुकसानदायक है।