कुश्ती : जितेन्द्र को रजत, राहुल व दीपक को कांस्य

नई दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) : भारत के जितेंद्र ने यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम के केडी जाधव कुश्ती हॉल में सीनियर एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को 74 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में रजत पदक हासिल किया जबकि राहुल अवारे ने 61 किग्रा और दीपक पुनिया ने 86 किग्रा में कांस्य पदक जीता। भारत ने एशियाई चैंपियनशिप में अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। भारत ने प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य सहित 20 पदक जीते। ग्रीको रोमन शैली में एक स्वर्ण और चार कांस्य सहित कुल पांच पदक तथा महिला पहलवानों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित आठ पदक जीते तथा फ्री स्टाइल पहलवानों ने एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीते। भारत ने 2017 में इस प्रतियोगिता की दिल्ली में मेजबानी की थी और तब एक स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 10 पदक जीते थे। लेकिन इस बार भारत ने प्रतियोगिता के इतिहास का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर डाला। चीन में 2019 में हुई पिछले चैंपियनशिप में भारत ने एक स्वर्ण, छह रजत और नौ कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते थे। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार के 74 किग्रा वर्ग के प्रबल प्रतिद्वंद्वी जितेंद्र फाइनल में पहुंचे लेकिन उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। जितेंद्र के रजत पदक जीतने के साथ उनके ओलंपिक ट्रायल टूर्नामेंट में उतरने की संभावना मजबूत हो गयी है। जितेंद्र को पिछले वर्ष विश्व चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में सुशील से हार का सामना करना पड़ा था।