कोरोना वायरस से पहले फ्रांसीसी नागरिक की मौत 

पेरिस, 26 फरवरी (एजेंसी) : फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि 60 साल के एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हो गयी है। कोरोना वायरस से फ्रांसीसी नागरिक की यह पहली मौत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के उप प्रमुख जेरोम सलोमोन ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति को गंभीर अवस्था में मंगलवार की शाम पेरिस के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस मौत से वायरस के कारण देश में मरने वालों की संख्या बढ़ कर दो हो गयी। कोरोना वायरस से मरने वाला पहला व्यक्ति 80 साल का चीनी पर्यटक था। फ्रांस में पिछले 24 घंटे में चार और लोग संक्रमित पाये गये हैं। इनमें से दो इटली से वापस लौटे हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर 17 हो गयी है।