मैं मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं : रजनीकांत

चेन्नई, 12 मार्च (एजैंसी) : अभिनेता से राजनेता बने रजनीकांत ने गुरुवार को यह कहते हुए कि वह सत्ता की खातिर राजनीति में नहीं आ रहे हैं, उन्होंने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताया। साथ ही कहा कि प्रणाली में बदलाव की तत्काल आवश्यकता है। तमिल सुपरस्टार ने मीडिया को संबोधित करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के पद में कोई दिलचस्पी नहीं थी। उनकी राजनीतिक पार्टी और सरकार, अगर सत्ता में आती है, तो उनके पास अलग-अलग नेता होंगे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी के 60-65 फीसदी उम्मीदवार 45-50 की आयु वर्ग के होंगे। शेष सीटें अन्य पेशेवरों, न्यायाधीशों और पूर्व आईएएस अधिकारियों जैसे ‘अच्छे लोगों’ को दी जाएंगी।