निर्भया के दोषियों को फांसीःकल फांसी की तैयारियों में जुटा जेल प्रशासन


नई दिल्ली,19 मार्च -16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में हुए निर्भया गैंगरेप के आरोपियों को कल शुक्रवार) की सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर फांसी के तख्ते पर लटका दिया जाएगा। इनके पास सभी कानूनी विकल्प खत्म हो चुके हैं। अब जेल मैनुअल के हिसाब से फांसी से पहले की सारी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। आज सुप्रीम कोर्ट ने भी पवन की क्यूरेटिव पिटिशन खारिज कर दी गई है। इससे एक दिन पहले चारों की मुलाकात परिजनों से करा दी गई है। हालांकि एक और दोषी अक्षय के परिवारवाले अभी उससे मिलने नहीं आए।
फांसी की तैयारियों में जुटा जेल प्रशासन
अब जेल प्रशासन फांसी की तैयारियां पूरी करने में जुटा हुआ है। फांसी देने से पहले काफी सारी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। सुशील गुप्ता और सुनेत्र चौधरी द्वारा लिखी किताब ब्लैक वॉरंट: कन्फेसन ऑफ ए तिहाड़ जेलर में फांसी से ठीक पहले और बाद की सारी प्रक्रियाओं को बताया गया है। इस किताब के मुताबिक फांसी से एक दिन पहले का वक्त काफी अहम होता है। फांसी के फंदों की आखिरी जांच की जाती है। इसके साथ ही जेल के अधिकारी फांसी के तख्तों की भी आखिरी जांच करते हैं। किताब में लिखा है, 'कैदियों की माप ली जाती है। कैदी के लिए ये बहुत ही पीड़ा वाला पल होता है। इसमें कैदी के वजन, गर्दन की लंबाई, चौड़ाई,ऊंचाई मापी जाती है।'