महाराष्ट्र सरकार ने 6 बसों में छत्तीसगढ़ के मज़दूरों को उनके गृह प्रदेश के लिए रवाना किया

 
रायपुर, 21 मार्च - कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच बड़ी खबर है कि महाराष्ट्र सरकार ने 6 बसों में छत्तीसगढ़ के मज़दूरों को उनके गृह प्रदेश के लिए रवाना कर दिए हैं। ये मजदूर कभी भी छत्तीसगढ़ की सीमा में दाखिल हो सकते हैं। इसकी जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ की अन्तराज्यीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। मजदूरों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें होम आइसोलेशन पर रखा जा सकता है। इन मज़दूरों को लेकर राज्य सरकार को सूचना दे दी गई है। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने इनके लिए तमाम इंतज़ाम शुरु कर दिए हैं। महाराष्ट्र बॉर्डर पर परिवहन, स्वास्थ्य और जिला प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इन सबकी बार्डर पर जांच होगी। संदिग्ध मरीज़ों को वहीं से अस्पताल ले जाया जाएगा। जबकि बाकी लोगों का नाम-पता दर्ज करके इन्हें उनके घर रवाना कर दिया जाएगा। इन मज़दूरों को अगले चौदह दिनों तक आइसोलेशन में रखेंगे।