किसानों को फसल की कटाई व ट्रैक्टर ले जाने की अनुमति

नई दिल्ली, (उपमा डागा पारथ) : कोरोना वायरस की वजह से देश में हुए 21 दिन के लॉकडाऊन में भी खेती से जुड़े कई कामों को करने के लिए केन्द्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। कृषि से जुड़े काम और कृषि मशीनरी (ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरण) को ले जाने की भी इजाजत सरकार ने दे दी है। इसके अलावा सरकार ने मंडियों और खरीद एजैंसियों को भी लॉकडाऊन में छूट दी है। आपको बता दें कि रबी फसलों की कटाई अब शुरू होने वाली है। इसमें समस्या न आए, इसके लिए यह फैसला किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सरकार ने कृषि श्रमिकों, उर्वरकों, कीटनाशकों और बीजों की विनिर्माण एवं पैकेजिंग करने वाली इकाइयों को भी लॉकडाऊन से छूट दी है। इसमें कहा गया है कि कृषि यंत्रों और खेती के कामकाज वाली मशीनरी के कस्टम हायरिंग केन्द्रों को भी लॉकडाऊन अवधि के दौरान काम करने की अनुमति दी गई है।