कोरोना को लेकर देश भर के चिड़ियाघर हाई अलर्ट पर

नई दिल्ली, अमरीका में एक बाघिन के कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ से संक्रमित पाए जाने के बाद देश भर के चिड़ियाघरों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने आज सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लिए मश्विरा जारी किया है। इसमें बताया गया है कि अमरीका के न्यूयॉर्क स्थित ब्रोन्क्स चिड़ियाघर में एक बाघिन में कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्राधिकरण ने लिखा है इसलिए देश को सभी चिड़यिघरों को हाई अलर्ट पर रहने की सलाह दी जाती है। सीसीटीवी की मदद से जानवरों पर चौबीसों घंटे नज़र रखकर उनके असामान्य व्यवहार या लक्षणों की निगरानी की जानी चाहिए। जानवरों की देखरेख करने वालों के लिए कहा गया है कि वे बिना कोरोना से निजी बचाव के साधनों के उनके बिल्कुल नज़दीक नहीं जाएंगे। यदि कोई जानवर बीमार पड़ता है तो उसे बाकी जानवरों से अलग रखा जाएगा। जानवरों को खाना देते समय भी इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि उनके साथ कम से कम संपर्क हो।