पाक की जेलों में कोरोना के मामले बढ़ने पर भारतीय युद्धबंदियों के परिवार चिंता में

अमृतसर, 20 अप्रैल (सुरिन्द्र कोछड़): पाकिस्तान के पश्चिमी पंजाब की जेलों में कोरोना वायरस के मरीज़ों की लगातार बढ़ रही गिनती ने इन जेलों में बंद भारतीय युद्धबंदियों (पी.ओ.डब्ल्यू.) के परिवारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। पंजाब जेल विभाग लाहौर के प्रवक्ता ख्वाजा आमिर ने बताया है कि संक्रमण के 858 संदिग्ध कैदियों को राज्य की 7 विभिन्न जेलों में कायम किए 300 से अधिक कुआरंटीन सैलों में रखा गया है। इसके अतिरिक्त कोरोना वायरस के प्रभाव के मद्देनज़र अदालत के आदेशों पर विभिन्न जेलों में बंद हज़ारों अंडर ट्रायल कैदियों (यू.टी.पी.) कैदियों को रिहा भी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिमी पंजाब की 43 जेलों में 48,794 कैदी हैं तथा इनमें से 70 के लगभग भारतीय युद्धबंदी हैं। इन युद्धबंदियों के पारिवारिक सदस्यों ने भारत सरकार से इनकी रिहाई के लिए पाक सरकार से बातचीत करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि आज़ादी की आशा में पाकिस्तानी जेलों में बंद नरक की ज़िंदगी बिता रहे जंगी सैनिकों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए भारत सरकार तुरंत उनकी रिहाई सम्भव बनाए। उक्त युद्धबंदियों में सिपाही बलविन्द्र सिंह की बेटी बीबी बलजिन्द्र कौर निवासी गांव चम्बा कलां (तरनतारन), सिपाही धर्मपाल सिंह के पुत्र स. अरशइन्द्र पाल सिंह टोनी निवासी गांव लहरा धूड़कोट (ज़िला बठिंडा) व सिपाही सुरजीत सिंह की रिश्ते में बहन लगती बीबी महिन्द्र कौर ने बताया कि पाक जेलों में बंद कई भारतीय युद्धबंदियों की दिमागी स्थिति वास्तविक से खराब हो चुकी है। इन युद्धबंदियों की रिहाई के लिए पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रहे उक्त लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले भारतीय विदेश मंत्री ने मीडिया में बयान जारी किया था कि 70 वर्ष की आयु से अधिक के भारत-पाक जेलों में बंद सभी युद्धबंदियों की रिहाई सुनिश्चित बनाए जाने के लिए पाक सरकार से बातचीत की जा रही है, जबकि इस बारे अभी तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई है। वर्णनीय है कि पाक की विभिन्न जेलों में बंद भारतीय सैनिकों बारे सन् 1976 में लोकसभा में पूछे जाने पर तत्काली विदेश मंत्री ने 54 नामों की सूची जारी की थी। पाक प्रधानमंत्री स्व. बेनज़ीर भुट्टो ने भी स्वीकार किया था कि पाक की जेलों में 49 भारतीय जंगी सैनिक व अधिकारी बंद हैं जबकि गत दिवस विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधर ने लोकसभा में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि पाक की जेलों में बंद 83 भारतीय जंगी कैदियों बारे पाक सरकार द्वारा कोई जानकारी साझी नहीं की जा रही है।