एयरलाइंस को 1,122 करोड़ डॉलर का नुक्सान, 29 लाख होंगे बेरोज़गार

सिंगापुर/ नई दिल्ली, 24 अप्रैल (वार्ता): कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ के मद्देनज़र लगाए गए प्रतिबंधों से भारतीय विमान सेवा कंपनियों को इस साल 1,122 करोड़ डॉलर का राजस्व नुक्सान होगा और 29 लाख से भी ज्यादा लोग बेरोजगार होंगे। अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) की आज जारी रिपोर्ट के अनुसार, यात्री विमान सेवा पर जारी कड़े प्रतिबंध यदि तीन महीने तक रहते हैं तो वर्ष 2019 की तुलना इस साल देश में यात्रियों की संख्या में 8.98 करोड़ यानी करीब 47 प्रतिशत की गिरावट आयेगी। इससे विमान सेवा कंपनियों को 1,122.1 करोड़ डॉलर का राजस्व नुक्सान होगा। साथ ही 29,32,900 लोगों की रोजी-रोटी छिन जाएगी। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए जारी इस रिपोर्ट में सबसे ज्यादा नौकरियां भारत में जाने की आशंका जताई गई है जबकि राजस्व नुक्सान के मामले में जापान और ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत तीसरे स्थान पर रहेगा। आयटा ने इससे पहले 14 अप्रैल को जारी रिपोर्ट में कहा था कि भारत में यात्रियों की संख्या 36 प्रतिशत घटेगी जिससे 884 करोड़ डॉलर का राजस्व नुक्सान होगा और 22.47 लाख लोगों का रोजगार छिन जाएगा।