लद्दाख सीमा पर दिखे चीनी हैलीकॉप्टर

नई दिल्ली, 12 मई (भाषा) : पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच गैर-निर्धारित सीमा के निकट चीन के हैलीकॉप्टरों को उड़ान भरते देखा गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। पिछले सप्ताह क्षेत्र में पैंगोंग झील के निकट दोनों पक्षों के लगभग 250 सैनिकों के बीच तीखी झड़प हुई थी। गत दिनों सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद क्षेत्र के हालात तनावपूर्ण बने रहे। स्थानीय कमांडरों के बीच बातचीत के बाद अगले दिन दोनों पक्ष गतिरोध समाप्त करने पर सहमत को गए। सूत्रों ने बताया कि चीनी सैन्य हैलीकॉप्टरों को कुछ मौकों पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट उड़ान भरते हुए देखा गया। इसके बाद भारतीय वायुसेना के एसयू-30 लड़ाकू विमानों ने भी उड़ान भरी। चीनी सैन्य हैलीकॉप्टरों ने सीमा के चीन की तरफ नियमित तौर पर उड़ान भरी जबकि भारतीय सेना के हैलीकॉप्टरों ने भी क्षेत्र में उड़ान भरी। उल्लेखनीय है कि भारत-चीन सीमा विवाद 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को लेकर है। यह दोनों देशों के बीच अघोषित सीमा है। चीन का दावा है कि अरुणाचल प्रदेश दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा है जबकि भारत इसका खंडन करता आया है। दोनों पक्षों का कहना है कि सीमा मुद्दे का हल होने तक सीमा क्षेत्रों में शांति बनाए रखना ज़रूरी है।