केरल में मानसून आने में हो सकती है चार दिन की देरी

नई दिल्ली, 15 मई (भाषा) : केरल में इस वर्ष दक्षिणपश्चिम मानसून आने में चार दिन की देरी हो सकती है। भारत के मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि मानसून दक्षिणी राज्य में 5 जून तक आएगा। मौसम विभाग ने बताया कि इस वर्ष केरल में मानसून सामान्य तारीख के मुकाबले कुछ विलंब से आएगा। राज्य में मानसून 5 जून तक आ सकता है। केरल में मानसून आने के साथ देश में चार महीने के बरसात के मौसम की आधिकारिक शुरुआत हो जाती है। जून से सितम्बर तक का मौसम बरसात का माना जाता है। आमतौर पर केरल में हर साल मानसून 1 जून को आता है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के कारण अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में मानसून अपनी सामान्य तारीख 22 मई से छह दिन पहले 16 मई तक आ सकता है।