चीन की सीमा पर सेना पूरी ज़िम्मेदारी से काम कर रही है : भारत

नई दिल्ली, 21 मई (वार्ता): भारत ने चीन के भारतीय सेना पर सिक्किम एवं लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करके गतिविधियों के आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि भारतीय सेना सीमा प्रबंधन को लेकर बहुत जिम्मेदारी से काम करते हुए देश की संप्रभुता एवं सुरक्षा की रक्षा कर रही है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने यहां नियमित ब्रीफिंग में कहा कि यह कहा जाना कि भारतीय सैनिकों ने सिक्किम सेक्टर या पश्चिमी सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा पार करके गतिविधियां कीं हैं, सही नहीं है। भारतीय सैनिक भारत-चीन सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा के सीमांकन से पूर्णत: अवगत हैं और उसका दृढ़ता से पालन भी करते हैं। उनकी सारी गतिविधियां नियंत्रण रेखा के भारत के दायरे में होतीं हैं। श्री श्रीवास्तव ने कहा, ‘सच्चाई ये है कि चीनी पक्ष ने हाल ही में भारतीय सैनिकों के सामान्य गश्ती मार्ग को बाधित करने वाली गतिविधियां कीं हैं। जबकि भारतीय पक्ष ने सीमा प्रबंधन को लेकर हमेशा बहुत ही जिम्मेदाराना रुख अपनाया है।  उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने ऐसी परिस्थितियों को संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के लिए व्यवस्थाएं स्थापित कीं हैं। दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ किसी भी तात्कालिक मसले के समाधान के लिए संपर्क में रहते हैं।