शरीर को स्वस्थ रखता है व्यायाम

आकर्षक शरीर बनाने की प्रवृत्ति के कारण ही महानगरों से लेकर छोटे-छोटे कस्बों तक में बड़ी संख्या में ‘हैल्थ क्लब’ खुल चुके हैं। इन हेल्थ क्लबों या जिमों में बड़ी सख्या में युवक-युवतियां संगीत की मधुर स्वर लहरियों के बीच पसीने से लथपथ अपने शरीर को तराशने के लिए कड़ी मेहनत करते नज़र आते हैं। लड़कियों के बढ़ते वजन की समस्या को रोकने एवं वजन घटाने में ‘फ्लोर एक्सरसाइज’ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। अधिक वजन को शीघ्रता से घटाने के लिए फ्लोर एक्सरसाइजों के अलावा साइक्लिंग मशीन एवं स्लिमिंग मशीनों का एक साथ प्रयोग कर प्रभावी तरीके से काफी कम समय में ही वजन को नियंत्रित किया जा सकता है।व्यायाम छोड़ने के बाद वजन में वृद्धि और जोड़ों में कष्ट का होना एक सामान्य प्रक्रिया है, क्योंकि व्यायाम छोड़ने के बाद शरीर में ऊर्जा (कैलोरी) का खर्च काफी घट जाता है, जिससे पुन: वजन में वृद्धि होने लगती है तथा मोटापे की वजह से ही जोड़ों में दर्द तथा अन्य बीमारियां उत्पन्न हो जाती हैं। इसी कारण व्यायाम को दिनचर्या में सम्मिलित करते रहना चाहिए। व्यायाम द्वारा देहयष्टि को प्राप्त करने के लिए ‘डाइट’ का भी पूरा-पूरा ध्यान रखना आवश्यक होता है।

(स्वास्थ्य दर्पण)