महाराष्ट्रः पुणे, पिंपरी चिंचवड़ में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक पूरी तरह से रहेगा लॉकडाउन


 नई दिल्ली, 10 जुलाई देश के कोरोनावायरस का संक्रमण पिछले दस दिनों में बहुत तेजी से बढ़ा है। रोज हजारों नए मामले सामने आने के बाद अब राज्‍यों ने अपने स्‍तर पर निर्णय लेकर स्‍थानीय तौर पर सख्‍ती से संपूर्ण लॉकडाउन घेाषित कर दिया है। अनलॉक 1 और अनलॉक 2 में मिली छूट के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्‍या में इजाफा हुआ है। उत्‍तर प्रदेश में आज रात 10 बजे से 3 दिनी लॉकडाउन लागू होने जा रहा है। यह 55 घंटों का लॉकडाउन रहेगा जिसमें बाजार, कार्यालय सब बंद रहेंगे। इसके अलावा महाराष्‍ट्र और बिहार सरकार ने भी अपने कुछ इलाकों में लॉकडाउन लगा दिया है। जानिये देश में कहां-कहां और कितने समय के लिए लॉकडाउन लागू किया गया है।

उत्तर प्रदेश में आज रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन

जनता कर्फ्यू की तरह सरकार ने अनलॉक-2 के बीच ही तीन दिन के लिए तमाम गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया है। शुक्रवार रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह 5 बजे तक यानी 55 घंटे तक सभी कार्यालय, हाट, बाजार व व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद करने के आदेश मुख्य सचिव ने जारी किए हैं।

महाराष्ट्र में पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ ग्रामीण पुणे में 13 से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन

महाराष्ट्र के पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और ग्रामीण पुणे के कुछ हिस्सों में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। केवल डेयरी, मेडिकल स्टोर और अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं से संबंधित दुकानें खुली रहेंगी। यह जानकारी शुक्रवार को पुणे मंडल के आयुक्त दीपक म्हैसेकर ने दी। कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5935 है, जिसमें 74 मौतें और 4715 ठीक हो चुके मामले शामिल हैं। यह जानकारी महाराष्ट्र पुलिस ने दी।