गुफाओं की रहस्यमय दुनिया

लगता है मानव विकास का इतिहास बहुत ही जल्द दुबारा लिखे जाने की जरुरत पड़ेगी। इसकी बड़ी वजह है भारत में मिली मानव बस्तियों के बड़े और जटिल साक्ष्य। पिछले दिनों हिंदुस्तान में दुनिया की सबसे लंबी गुफा मिली है। यह बेहद रहस्यमयी  गुफा 24.5 किलोमीटर लंबी है। यह गुफा 13 वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैली है। बलुआ पत्थरों की दुनिया में यह सबसे लंबी गुफा पिछले दिनों हिन्दुस्तान के मेघालय राज्य में मिली है।  इतिहास जानने की मंशा लिए पूरी दुनिया के गुफा विज्ञानी तथा नृशास्त्री इन दिनों मेघालय पंहुच रहे हैं।दुनियाभर के गुफा विज्ञानियों से सजी एक टीम ने इस गुफा का दौरा किया है। इसी टीम के एक सदस्य ब्रायन डी खरप्राण ने मीडिया को बताया है, ‘अगर आप अंदर गुम हो गए तो आप इससे बाहर आने का रास्ता कभी ढूंढ़ नहीं पाएंगे।’ जाहिर है यह बहुत ही जटिल और बेहद सुरक्षित गुफा है जो कि गुफा निर्माण के अत्यंत उन्नत कौशल की द्योतक है। घने जंगलों के बीच ढलान पर मौजूद इस गुफा को स्थानीय लोग क्रेम परी कहते हैं। समुद्र तट से 4,025 फीट की ऊंचाई पर यह गुफा  खड़े चट्टान के मुहाने पर स्थित है।  24.5 किलोमीटर की यह गुफा धरती पर सर्वाधिक बारिश के लिए मशहूर मासिनराम की हरीभरी वादियों में 13 वर्ग किलोमीटर में फैली है। इस गुफा को खोजने में सबसे बड़ी भूमिका 71 वर्षीय बैंकर ब्रायन डी खरप्राण की है जिन्हें गुफाओं को खोजने का जूनून है। पिछले 27 सालों से वह यही कर रहे हैं। इस गुफा के बारे में उनको पिछले लगभग तीन दशकों से आशंका थी। साल 1992 से उन्होंने इसे ढूंढना शुरू कर दिया था, जाहिर है इसके लिए उनके पास कोई सटीक विज्ञान होगा हालांकि वह मीडिया से इस बारे में बहुत ज्यादा कुछ नहीं साझा करते। गुफा में घुसने के लिए पेट, हाथों और घुटनों के बल पर रेंगते हुए अंदर जाना पड़ता है। मेघालय में मिली यह कोई अकेली गुफा नहीं है जो मानव बस्तियों के इतिहास में फेरबदल करने की कोशिश कर रही है। सच तो यह है कि मेघालय पूरी दुनिया के लिए गुफाओं की घाटी के रूप में उभर रहा है। ब्रायन डी खरप्राण ने 26 साल और 28 खोजी अभियान की बदौलत अब तक राज्य में 1650 गुफाओं की खोज की है। गुफा खोजी दल को हमेशा अपनी जान को जोखिम में डालकर गुफाएं खोजनी पड़ती हैं। इन्हें सख्त टोपी और हेडलैंप पहनकर, गहरे अंधेरे में उतरना पड़ता है। ब्रायन डी खरप्राण पिछले 26 सालों से मेघालय में गुफाओं की खोज में जुटे हैं। पिछले दिनों खोजी गयी दुनिया की यह सबसे लंबी गुफा बेहद रहस्यमयी है। इसकी आकृति सामान्य गुफाओं से बिल्कुल अलग है। इसकी विचित्र संरचना इसे वास्तव में एक भूलभुलैया बनाती है। इस गुफा में बड़ी तादाद में तमाम किस्म के जीव, मेंढक, मछली, विशाल हंटर मकड़ियां और चमगादड़ पाए गए हैं यानी यह एक जीवंत गुफा है। इस गुफा का नक्शा बनाने वाले स्विस गुफा विज्ञानी थामस अर्बेन्ज के मुताबिक, ‘इस गुफा का सर्वे करना बहुत मुश्किल चुनौती है।’ 

 -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर