दुष्कर्म के आरोपी यूपी के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति को हाईकोर्ट से जमानत

लखनऊ, 04 सितंबर - इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की जमानत याचिका को मंजूर कर लिया है। गायत्री प्रसाद प्रजापति को तीन महीने की राहत दी गई है। पांच लाख के पर्सनल बांड और दो जमानतदारों की शर्त के साथ गायत्री को जमानत दी है। गायत्री प्रजापति को देश छोड़कर कहीं भी बाहर जाने की अनुमति नहीं है। गौरतलब है कि दुष्कर्म के मामले में गायत्री प्रसाद प्रजापति लखनऊ जेल में बंद हैं। पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में अंतरिम जमानत अर्जी दाखिल की थी। इस पर सुनवाई करते हुए लखनऊ बेंच ने गायत्री प्रजापति को सशर्त अंतरिम जमानत दी है।