टीएमसी न छोड़ने पर शताब्दी रॉय को मिली बड़ी जिम्मेदारी

कोलकाता,17 जनवरी - तृणमूल कांग्रेस सांसद शताब्दी रॉय को आज पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बीरभूम से तृणमूल कांग्रेस सांसद शताब्दी ने संक्षिप्त अवधि की बगावत के बाद पार्टी से समझौता कर लिया। इससे पहले, उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें जोरों पर थीं। रॉय राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की करीबी मानी जाती हैं। पार्टी में एक अहम जिम्मेदारी दिये जाने पर खुशी प्रकट करते हुए शताब्दी ने संवाददाताओं से कहा कि वह पार्टी की एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार सुनिश्चित करेंगी। साथ ही शताब्दी ने कहा, ‘यदि आप पार्टी से जुड़े विषय को शीर्ष नेतृत्व तक ले जाते हैं तो इसका समाधान हो जाता है. यह घटनाक्रम यही साबित करता है।’