रूस-यूक्रेन युद्ध: इज्युम शहर व नीपर नदी तक पहुंची रूसी सेना

कीव, 12 अप्रैल - रूस-यूक्रेन युद्ध के 47वें दिन तक रूसी सेना कीव को जीतने में नाकाम रही है। इसे देखते हुए रूस ने अपनी योजना में बदलाव करते हुए पूर्वी यूक्रेन पर फोकस किया है। सोमवार को रूसी सेना का बड़ा काफिला इज्युम शहर और नीपर नदी के आसपास देखा गया। उधर, यूक्रेन ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए बश्तांका में रूस के क्रूज मिसाइल से भरे ट्रक पर हमला किया है। यूक्रेनी सेना ने लुहांस्क में रूसी हथियार डिपो को भी तबाह कर दिया।
अमेरिकी विशेषज्ञों का कहना है कि रूस का 12.8 किलोमीटर का लंबा काफिला इज्युम शहर की तरफ बढ़ रहा है। इसकी सैटेलाइट तस्वीर भी सामने आई हैं। नेक्स्टा टीवी वेबसाइट के मुताबिक, अमेरिकी विशेषज्ञों को आशंका है कि रूस नीपर नदी के आसपास बड़े हमले की योजना बना चुका है। हाल ही में उपग्रह तस्वीरों में इस बात की पुष्टि के संकेत भी मिले हैं।