योगेश्वर को राष्ट्रमंडल खेलों में सभी वर्ग में पदक की उम्मीद

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 इसी महीने की 28 तारीख को शुरू हो रहे हैं। इन्हेें लेकर ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त को लगता है कि भारतीय पहलवान बेहतर प्रदर्शन करेंगे और सभी 12 वर्गों में पदक जीतने का प्रयास करेंगे। भारतीय पहलवान हमेशा अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में प्रभावशाली रहे हैं और योगेश्वर का मानना है कि कुश्ती दल एक बार फिर अपने खेल में शीर्ष पर होंगे और आगामी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करेंगे।योगेश्वर ने विगत में समाप्त हुए भारतीय खेल पुरस्कार-2022 के दौरान कहा कि भारत को हमेशा कुश्ती का पावरहाउस माना जाता है और मुझे पूरा विश्वास है कि भारत सभी 12 श्रेणियों में कोई न कोई पदक अवश्य जीतेगा।2012 के लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक विजेता और 2010 और 2014 में दो बार के सीडब्ल्यूजी चैंपियन योगेश्वर का मानना है कि प्रो कुश्ती लीग ने भी देश में पहलवानों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने कहना है कि प्रो रेसलिंग लीग देश में एक कुश्ती पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए लाभदायक रही है। हर किसी को अपने करियर की शुरुआत में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका नहीं मिलता है और पीडब्लूएल ने उन्हें इसी तरह का अनुभव प्रदान किया है।योगेश्वर ने बताया कि ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन सहित शीर्ष अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर और दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए बड़ी बात थी और वह चाहते हैं कि लीग जल्द ही फिर से शुरू हो क्योंकि इससे खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में काफी सहायता मिल सकती है।सोनीपत के इस खिलाड़ी के अनुसार इस साल राष्ट्रमंडल खेल बेहद खास होगा, क्योंकि प्रशंसकों को स्टेडियमों में अनुमति दी जाएगी, टोक्यो ओलम्पिक में दर्शकों को आने की अनुमति नहीं दी गई थी।बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 28 जुलाई से शुरू हो रहा है और कुश्ती प्रतियोगिता 5 और 6 अगस्त को आयोजित की जाएगी।