बढ़ती उम्र के बच्चों को दें पौष्टिक स्नैक्स


बाकी किसी उम्र के लोग अगर शाम का नाश्ता नहीं भी करते, तो चलेगा। लेकिन जहां तक बढ़ती उम्र के बच्चों का सवाल है, उनके लिए शाम का नाश्ता जरूरी है। साथ ही यह भी जरूरी है कि यह नाश्ता या स्नैक्स पौष्टिक हो। तभी उनके शरीर का जरूरी विकास सुचारू रूप से होता है। लेकिन ज्यादातर मां सुबह के नाश्ते को लेकर तो स्पष्ट रहती हैं, मगर शाम के नाश्ते को लेकर अक्सर कनफ्यूज रहती हैं कि क्या बनाएं? इस लेख में हम आपकी मदद करेंगे कि अपने बढ़ती उम्र बच्चों को शाम के नाश्ते में क्या दें?
घर के बने नूडल्स : नूडल्स बच्चों को बहुत पसंद होते हैं, लेकिन बाज़ार के। आपको यहीं पर थोड़ी अक्लमंदी दिखानी है, उन्हें नूडल्स खिलाइये लेकिन बाज़ार के नहीं घर के बने हुए। क्योंकि ये पौष्टिक होते हैं। लेकिन बच्चों को घर के बने नूडल्स अच्छे लगें, इसके लिए उसमें कई तरह की सब्जियां आदि मिलाएं। 
ड्राई फ्रूट मिल्क शेक : मां बच्चों को दूध पिलाने को आतुर रहती हैं, लेकिन बच्चे दूध से दूर भागते हैं। सवाल है क्या करें? ये बच्चे दूध से नहीं भागेंगे अगर उनके दिमाग में यह बात बैठ जाए कि वह जो कुछ पी रहे हैं वह दूध नहीं बल्कि शेक है। बच्चों को शेक अच्छा लगता है। लेकिन बच्चों के इस शेक में ड्राई फ्रूट्स का अच्छा खासा मिश्रण करना है। इससे बच्चे तो शौक से दूध पीएंगे ही उन्हें सभी पौष्टिक तत्व भी मिल जाएंगे। 
ओट्स के बिस्कुट : ओट्स शरीर के विकास के लिए बहुत ही जरूरी पौष्टिक अनाज है। इसके बिस्कुट बच्चों को खूब पसंद होते हैं। यह खाने में बिल्कुल हल्के होते हैं, जो शाम के नाश्ते में बच्चों को दिये जा सकते हैं। बच्चे इन्हें बहुत रूचि से खाते हैं।
गेहूं और चावल के मुरमुरे : भुने हुए गेहूं या चावल के लड्डू जिन्हें मुरुंडे या मुरमुरे भी कहते हैं, बच्चों को खाने में बहुत स्वादिष्ट लगते हैं। वे इन्हें खूब खाना पसंद करते हैं। इन्हें ये लड्डू बहुत आसानी से पच भी जाते हैं। बढ़ती उम्र के लिए जिन पोषक तत्वों की जरूरत होती है, उनमें से कई पोषक तत्व ये सहजता से प्रदान करते हैं। इसलिए बच्चों को शाम के नाश्ते के रूप में भुने हुए गेहूं और चावल के ये लड्डू भी दिए जा सकते हैं।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर