मेघालय के गारो हिल्स में कर्फ्यू में ढील



    शिलांग, 12 मार्च (भाषा) मेघालय के पूर्वी और पश्चिम गारो हिल्स जिलों में लागू कर्फ्यू में बृहस्पतिवार को ढील दी गई, ताकि लोग आवश्यक वस्तुएं खरीद सकें। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।      पूर्वी गारो हिल्स में कर्फ्यू में सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक पांच घंटे की ढील दी गई, जबकि पश्चिम गारो हिल्स में अपराह्न दो बजे से शाम चार बजे तक दो घंटे की ढील दी गई।      जिला प्रशासन ने कहा कि यह ढील इसलिए दी गई है, ताकि लोग जरूरत की वस्तुएं खरीद सकें।   

  गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) के चुनावों से जुड़े विरोध प्रदर्शनों के दौरान पश्चिम गारो हिल्स में हिंसा  भड़कने के बाद बीएनएसएस की धारा 163 के तहत दोनों जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया था।      पश्चिम गारो हिल्स के चिबिनांग में मंगलवार को पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा गैर-गारो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के प्रयास के विरोध में किए गए प्रदर्शनों के वक्त हुई झड़पों के दौरान हुई।   

  अराजकता भरे माहौल में गारो हिल्स क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आगजनी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुई हैं, जिसके कारण अधिकारियों को व्यवस्था बहाल करने के लिए सेना की पांच टुकड़ियों सहित अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात करना पड़ा। सेना की तीन टुकड़ियां तुरा शहर में और दो चिबिनांग में तैनात की गई हैं।  

   सूबे के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने बृहस्पतिवार को तुरा का दौरा किया, जहां उन्होंने सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और पश्चिम गारो हिल्स के उपायुक्त के साथ-साथ सेना और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।      संगमा ने स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की और ङ्क्षहसा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए कई स्थलों का दौरा किया, जिनमें जली हुई दुकानें, सड़क किनारे के नष्ट हुए बाजार और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) का कार्यालय शामिल है, जो आगजनी के कारण आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है।     हिंसा  के मद्देनजर, संगमा ने बुधवार को 10 अप्रैल को होने वाले जीएचएडीसी चुनावों को स्थगित करने की घोषणा की।      

#मेघालय