बगावत की आहट के बीच ममता के गुट का दावा, जानें कल्याण बनर्जी क्या बोले

कोलकाता, 9 जून - पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी बगावत अब और खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के कई सांसदों के बागी रुख के बीच अब पूर्व क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान का नाम भी विवाद के केंद्र में आ गया है। ममता बनर्जी के करीबी नेता कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि यूसुफ पठान अमित शाह के फोन आने के बाद दिल्ली गए थे। वहीं टीएमसी की बागी नेता काकोली घोष दस्तीदार लगातार यह दावा कर रही हैं कि उनके साथ बड़ी संख्या में सांसद हैं और पार्टी के भीतर असंतोष गहरा चुका है।
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो सांसद भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के घर गए, उन्होंने साफ तौर पर भाजपा का साथ चुन लिया है। कल्याण बनर्जी ने कहा कि इन नेताओं ने ममता बनर्जी को छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना नेता मान लिया है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खुद यूसुफ पठान से बात की थी और पठान ने बताया कि अमित शाह ने उन्हें दिल्ली बुलाया है। कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में टीएमसी को तोड़ने की कोशिश कर रही है।
पूर्व क्रिकेटर और बहरामपुर से सांसद यूसुफ पठान का नाम इस पूरे विवाद के बाद तेजी से चर्चा में आया है। हालांकि उन्होंने अभी तक सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन टीएमसी नेताओं के आरोपों के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। काकोली घोष दस्तीदार ने संकेत दिए हैं कि यूसुफ पठान बागी सांसदों के संपर्क में हैं। वहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी पठान पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह अमित शाह के फोन पर दिल्ली जा रहे हैं, तो उन्हें साहस दिखाना चाहिए और पार्टी के साथ खड़ा रहना चाहिए।

#ममता
# कल्याण बनर्जी