PAK फिर बेनकाब, मुजफ्फराबाद में प्रदर्शनकारियों का दमन; 50 ब्रिटिश सांसदों ने भी जताई चिंता

नई दिल्ली, 9 जून - पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के मुजफ्फराबाद में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने कश्मीरी प्रदर्शनकारियों पर दमनात्मक कार्रवाई की है। प्रदर्शन करने वाले लोगों पर आंसू गैस के गोले दागे जाने की खबर है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आई रिपोर्ट्स में 30 से अधिक लोगों के मारे जाने की अपुष्ट खबरें भी सामने आई हैं। बड़ी संख्या में लोग हताहत भी हुए हैं। संवेदनशील हालात पर चिंता जताते हुए 50 से अधिक ब्रिटिश सांसदों ने विदेश मंत्री यवेट कूपर को पत्र लिखा है। ब्रैडफोर्ड ईस्ट के सांसद इमरान हुसैन ने अपने पत्र में इंटरनेट और मोबाइल सेवा से जुड़ी पाबंदियों का जिक्र किया है। 
सांसद इमरान हुसैन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखते हुआ कहा, 'हम लगातार लॉकडाउन, संचार ब्लैकआउट, गिरफ्तारियों और बढ़ते तनाव की खबरों को लेकर चिंतित हैं।' हुसैन ने कहा कि सरकार को सभी राजनयिक चैनलों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कश्मीरियों के मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण समाधान की वकालत की। सांसदों ने कहा कि कई ब्रिटिश कश्मीरी पीओजेके में अपने रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
 

#मुजफ्फराबाद