नव वर्ष पर प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात

शिमला, 1 जनवरी (अ.स.) : नव वर्ष के पहले दिन हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ है, जबकि राजधानी शिमला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर दिनभर आसमान में बादल छाए रहे तथा ठंडी हवाएं चलती रही। इससे प्रदेश में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को जनजातीय ज़िले लाहौल-स्पीति और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। रोहतांग में भी बफ र्बारी हुई है। वहीं राजधानी शिमला, मनाली व अन्य पर्यटन स्थलों पर आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। वहीं राज्य के मैदानी इलाके बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। इस कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट आई है। मनाली और शिमला का रात्रि तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। मनाली में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शिमला के रात का तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया है। जनजातीय ज़िले लाहौल-स्पीती का केलंग प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 9.2 डिग्री नीचे रहा। इसी तरह किन्नौर ज़िले के कल्पा में पारा शून्य से 2.3 डिग्री नीचे रहा। इसके अलावा सुंदरनगर में 2.6, सोलन में 2.7, भुंतर में 3, चम्बा में 3.1, पालमपुर में 4, डल्हौजी व मंडी में 4.2, बिलासपुर में 5.1, ऊना में 5.2, कांगड़ा में 5.4, धर्मशाला में 6 और हमीरपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम के साफ  रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 3 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ  रहेगा, लेकिन 4 जनवरी को मैदानी हिस्सों में बारिश व मध्यवर्ती तथा ऊंचे भागों में बर्फ बारी हो सकती है। राजधानी शिमला से सटे पर्यटन स्थल नारकंडा व कुफरी में आज हल्का हिमपात हुआ है। इन पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की जहां आमद बढ़ गई है, वहीं सड़क पर हल्की बर्फ जमने के कारण फिसलन से जाम भी लगा।