दिलीप कुमार के बंगले पर कब्ज़े की कोशिश करने वाले बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई, 10 जनवरी (भाषा) : मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक बिल्डर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है जिसने अभिनेता दिलीप कुमार के उपनगर बांद्रा स्थित बंगले पर कथित रुप से कब्जा करने की कोशिश की थी।  अधिकारी ने बताया कि बिल्डर समीर भोजवानी ने उन दो भूखंडों पर अपना झूठा दावा किया था जिन पर यह बंगला बना है। बंगला बांद्रा के संभ्रांत पाली हिल इलाके में है।
पुलिस को संदेह है कि बंगले पर कब्जे के लिए भोजवानी ने कुछ दस्तावेज जालसाजी कर बनाए थे। पुलिस उपायुक्त पराग मानेरे ने कहा कि दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने पुलिस में भोजवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा,   हम मामले की गहराई से पड़ताल कर रहे हैं और उसी के मुताबिक कदम उठाया जाएगा। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने दर्ज शिकायत के आधार पर बताया कि दिग्गज अभिनेता ने बंगले के लिए ये दोनों भूखंड वर्ष 1953 में 1.40 लाख ्ररुपये में खरीदे थे। भोजवानी ने दावा किया कि उसके पिता ने वर्ष 1980 में वह संपत्ति मूलराज खताऊ न्यास से खरीद ली थी। फिलहाल भोजवानी फरार है। मामला दर्ज किए जाने के बाद आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों ने बांद्रा में भोजवानी के आवास पर छापा मारा।