खिलाड़ियों के साथ कोच को भी उत्साहित करेगी सरकार : राठौर

जालन्धर, 17 जनवरी (जतिन्द्र साबी) : देश में खिलाड़ियों को उत्साहित करने के लिए केन्द्र सरकार के खेल मंत्रालय ने खेलो इंडिया स्कीम शुरू की है। देश में पहली बार इस स्कीम का लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा और इसके साथ ही चोटी के खिलाड़ियों को तैयार करने वाले कोच भी इस स्कीम के दायरे में आएंगे। केन्द्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि खेलों इंडिया स्कीम खिलाड़ियों व उनके कोच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसको देश के शुरुआती स्तर तक लेकर जायेंगे, ताकि देश में खेल संस्कृति पैदा हो सके। अगर कोई खिलाड़ी ओलम्पिक, एशियन या राष्ट्रमंडल खेलों में पदक हासिल करता था, तो उसके साथ उसके कोच को भी लाभ मिलता था परंतु अब इस स्कीम में उसके प्रारंभिक कोच को भी उस राशि का 20 प्रतिशत दिया जाएगा। इस स्कीम से देश में खिलाड़ियों व कोच का डाटा बेस तैयार किया जाएगा और इस तरह प्रत्येक वर्ष 1000 खिलाड़ियों का चुनाव होगा और हरेक खिलाड़ी को 8 साल तक 5-5 लाख की छात्रवृत्ति दी जाएगी और अगले 5 वर्ष में इन खिलाड़ियों की संख्या 5 हज़ार हो जाएगी।